kotha
post authorAdmin 28 Dec 2025

ऋषिकेश में वन सर्वे के विरोध में बवाल: मंशा देवी फाटक पर जाम, दो ट्रेनें बीच रास्ते में रोकी गईं.

ऋषिकेश:
ऋषिकेश में रविवार को वन विभाग द्वारा किए जा रहे वन सर्वे के विरोध में स्थानीय लोगों का आक्रोश फूट पड़ा। मंशा देवी रेलवे फाटक पर प्रदर्शनकारियों ने सड़क जाम कर दिया, जिससे रेल और सड़क यातायात पूरी तरह ठप हो गया।

स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि ऋषिकेश से रवाना हुई दो यात्री ट्रेनों को रास्ते में ही रोकना पड़ा। जानकारी के अनुसार, गंगानगर एक्सप्रेस को मंशा देवी रेलवे फाटक से पहले रोक दिया गया, जबकि कोच्चिवाली एक्सप्रेस को वीरभद्र रेलवे स्टेशन पर खड़ा किया गया।

प्रदर्शनकारियों ने बापूग्राम के नंदू फार्म क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़े आंतरिक मार्गों को भी बंद कर दिया। इसके चलते ऋषिकेश से आईडीपीएल गेट नंबर-2 तक लगभग पांच किलोमीटर लंबा जाम लग गया। वाहन रेंगते नजर आए और यात्रियों को घंटों परेशान होना पड़ा।

रविवार को वन विभाग के वन सर्वे का तीसरा दिन था, लेकिन विरोध के कारण कई क्षेत्रों में विभागीय टीमों को प्रवेश नहीं करने दिया गया। प्रदर्शन और जाम के कारण रेलवे ट्रैक पर ट्रेन संचालन भी बाधित रहा।

प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया गया। स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए देर शाम तक प्रयास जारी रहे।

बताया जा रहा है कि वन विभाग द्वारा बीस बीघा, शिवाजीनगर, बापूग्राम, सुमन विहार, अमितग्राम, गीतानगर, नंदू फार्म और मंशा देवी क्षेत्र में खाली प्लॉटों का चिह्नीकरण और अधिग्रहण की कार्रवाई की जा रही है।
सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद मकानों के आसपास खाली भूमि के चिन्हीकरण को लेकर लोगों में भारी आक्रोश है।

अमितग्राम में विरोध के बाद प्रदर्शनकारियों ने मंशा देवी फाटक के पास बाईपास मार्ग जाम कर धरना दिया। भीड़ बढ़ने पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। इस दौरान पुलिस पर पथराव भी हुआ, जिसके बाद हालात काबू में करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा।