kotha
post authorAdmin 29 Dec 2025

मुख्यमंत्री धामी ने एंजेल चकमा के पिता से की फोन पर वार्ता, दोषियों को कड़ी सजा का आश्वासन.

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को त्रिपुरा के छात्र एंजेल चकमा की हत्या को लेकर उनके पिता श्री तरुण प्रसाद चकमा से फोन पर बातचीत की। मुख्यमंत्री ने इस दर्दनाक घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार इस मामले को अत्यंत गंभीरता से ले रही है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि इस जघन्य हत्याकांड में अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि एक अन्य आरोपी के नेपाल भागने की आशंका है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए इनाम घोषित कर सघन प्रयास किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि वह व्यक्तिगत रूप से इस घटना से आहत हैं और पीड़ित परिवार के दुख को भली-भांति समझते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि उत्तराखंड सरकार दोषियों को कानून के तहत कठोरतम सजा दिलाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड हमेशा से शांति, सौहार्द और शिक्षा का केंद्र रहा है, जहां देश-विदेश से छात्र अध्ययन के लिए आते हैं। ऐसी घटना राज्य की परंपरा के विपरीत है और हम सभी के लिए पीड़ादायक है।

मुख्यमंत्री ने यह भी जानकारी दी कि इस मामले को लेकर उन्होंने त्रिपुरा के मुख्यमंत्री डॉ. माणिक साहा, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से भी बातचीत की है।

उन्होंने भरोसा दिलाया कि उत्तराखंड सरकार पीड़ित परिवार के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है और परिवार को हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी।