kotha
post authorAdmin 29 Dec 2025

चमोली: गौचर में राज्यस्तरीय कृषि मेला शुरू, किसानों के बीच पहुंचे केंद्रीय मंत्री शिवराज चौहान, खुद चक्की चलाई और दूध बिलोया.

चमोली जनपद के गौचर क्षेत्र में किसान दिवस के अवसर पर राज्यस्तरीय कृषि मेले का भव्य शुभारंभ हुआ। इस मौके पर केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी विशेष रूप से मौजूद रहे।

केंद्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री ने कई घंटों तक किसानों के बीच रहकर उनसे संवाद किया और उनकी समस्याओं व नवाचारों को नजदीक से समझा। मेले में पहाड़ के पारंपरिक और जैविक उत्पादों के स्टॉल लगाए गए हैं, जहां स्थानीय किसानों द्वारा तैयार अनाज, दालें, मोटा अनाज, शहद, दुग्ध उत्पाद और हर्बल वस्तुएं प्रदर्शित की गई हैं।

इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पारंपरिक चक्की चलाकर अनाज पीसा और ग्रामीण संस्कृति से जुड़े दूध बिलोने की प्रक्रिया में भी भाग लिया, जिससे किसानों और ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला।

मेले के मैदान में सीढ़ीनुमा खेती, बागवानी मॉडल, बदरी गाय आधारित पशुपालन, ट्राउट मछली पालन, कीवी उत्पादन सहित आधुनिक और पारंपरिक कृषि के अनेक मॉडल प्रदर्शित किए गए हैं। यह मेला किसानों को नई तकनीकों से जोड़ने के साथ-साथ पहाड़ी कृषि की पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।