देहरादून शहर में यातायात जाम और पार्किंग की समस्या से राहत दिलाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा निशुल्क ईवी बस शटल सेवा शुरू करने की तैयारी अंतिम चरण में है। इस योजना के तहत 13-सीटर मिनी इलेक्ट्रिक बसें खरीदी जा रही हैं, जिनसे शहर के प्रमुख इलाकों में यात्रियों को सुगम, पर्यावरण-अनुकूल और किफायती परिवहन सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
जिलाधिकारी सविन बंसल के अनुसार, परेड ग्राउंड और तिब्बती मार्केट स्थित ऑटोमेटेड पार्किंग में वाहन खड़े करने वाले नागरिकों को ईवी शटल बसों के माध्यम से मुफ्त आवाजाही की सुविधा दी जाएगी। इसके लिए एडॉर्न एजेंसी के साथ एमओयू साइन किया जा चुका है। रविवार को वर्चुअल बैठक के माध्यम से संबंधित अधिकारियों और कंपनी प्रतिनिधियों को दिशा-निर्देश भी दिए गए।
पहले चरण में पांच ईवी मिनी बसें शटल सेवा के बेड़े में शामिल की जाएंगी। आवश्यकता बढ़ने पर भविष्य में बसों की संख्या बढ़ाई जाएगी। ईवी शटल सेवा शुरू होने के बाद घंटाघर, सुभाष रोड, गांधी पार्क, परेड ग्राउंड सहित लगभग 10 किलोमीटर के दायरे में यात्रियों को निशुल्क सेवा का लाभ मिलेगा।
फिलहाल जिला प्रशासन द्वारा ऑटोमेटेड पार्किंग के अंतर्गत फ्री सखी कैब सेवा संचालित की जा रही है। परेड ग्राउंड में 111, तिब्बती मार्केट में 132 और कोरोनेशन क्षेत्र में 18 वाहनों की पार्किंग क्षमता है। नई ईवी बस सेवा के जुड़ने से न केवल प्रदूषण कम होगा, बल्कि शहर को जाम की समस्या से भी बड़ी राहत मिलेगी। स्थानीय नागरिकों में इस पहल को लेकर उत्साह का माहौल है।



Admin






