kotha
post authorAdmin 29 Dec 2025

चमोली: मौसम बिगड़ा – सक्रिय हुआ पश्चिमी विक्षोभ, चार दिन बारिश का अलर्ट, ऊंचे पहाड़ों में बर्फबारी से बढ़ेगी कड़ाके की ठंड.

उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, राज्य में एक मजबूत पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो चुका है, जिसके असर से कल से अगले चार दिनों तक कई जिलों में बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग का कहना है कि वर्षांत और नववर्ष के दौरान पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी देखने को मिल सकती है, जिससे तापमान में और गिरावट आएगी। पहले से ही ठंड की मार झेल रहे उत्तराखंड में बारिश और हिमपात से ठिठुरन और बढ़ने के आसार हैं।

पिछले कुछ दिनों से राज्य में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। कई जिलों में न्यूनतम तापमान दो डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। अत्यधिक ठंड को देखते हुए कुछ स्थानों पर स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया। कुमाऊं के पर्वतीय क्षेत्रों में दिन के समय भी धुंध और कोहरे का असर बना रहा।

मौसम विभाग के अनुसार 30 और 31 दिसंबर को उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं बारिश हो सकती है। वहीं एक और दो जनवरी को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़, चमोली और बागेश्वर जिलों में बारिश के साथ 3200 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है।

इसके अलावा, मैदानी इलाकों में घने से घना कोहरा छाने को लेकर दो जनवरी तक यलो अलर्ट जारी किया गया है। हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर, नैनीताल, देहरादून और पौड़ी के मैदानी क्षेत्रों में शीत दिवस जैसी स्थिति बन सकती है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी है।