उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिला में एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया है। भिकियासैंण क्षेत्र के शिलापनी के पास एक यात्री बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में सात यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो महिलाओं समेत कुल 12 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, जिला प्रशासन और राहत-बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंचे। खाई में फंसे घायलों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया और उन्हें नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां सभी घायलों का उपचार जारी है।
प्रशासन के अनुसार, बस में कुल 19 यात्री सवार थे। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण चालक द्वारा बस से नियंत्रण खोना माना जा रहा है, हालांकि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। मृतकों में पांच पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं।
मृतकों की पहचान
गोविंद बल्लभ (80) – जमोली
पार्वती देवी (75) – जमोली
सूबेदार नंदन सिंह अधिकारी (65) – जमोली
तारा देवी (50) – बाली
गणेश (25)
उमेश (25)
एक अज्ञात युवक (पहचान जारी)
घायलों की सूची
नंदा बल्लभ, राकेश कुमार, नंदी देवी, हंसी सती, मोहित सती, बुद्धि बल्लभ, हरीचंद्र, भूपेंद्र सिंह, जितेंद्र रेखाड़ी, बस चालक नवीन चंद्र, हिमांशु पालीवाल और प्रकाश चंद।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन को घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए हैं। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से संवेदना व्यक्त की है।



Admin






