उत्तरकाशी जनपद के सीमांत क्षेत्र में एक दर्दनाक अग्निकांड की घटना सामने आई है।
मोरी तहसील के अंतर्गत फते पर्वत क्षेत्र स्थित सट्टा गांव में सोमवार देर शाम अचानक आग लगने से दो आवासीय भवन पूरी तरह जलकर राख हो गए। इस भीषण अग्निकांड में एक व्यक्ति के झुलसने से मौत की आशंका जताई जा रही है।
आपदा कंट्रोल रूम उत्तरकाशी से प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार 29 दिसंबर की देर शाम अनुसूचित जाति बस्ती में स्थित एक आवासीय मकान में अचानक आग भड़क उठी। ग्रामीण जब तक आग पर काबू पाने का प्रयास करते, तब तक आग विकराल रूप धारण कर चुकी थी और देखते ही देखते पास के दूसरे मकान को भी अपनी चपेट में ले लिया।
आग की चपेट में आने से आसमू लाल पुत्र खंडू और प्रमिल लाल के आवासीय भवन पूरी तरह जलकर राख हो गए। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, इस घटना में आसमू लाल के आग में झुलसने से मृत्यु की आशंका है, हालांकि प्रशासन की ओर से अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
आग लगने से घरों में रखा खाद्यान्न, कपड़े, नगदी, सोना-चांदी समेत दैनिक उपयोग का सारा सामान नष्ट हो गया। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही राजस्व विभाग की टीम के साथ ही बड़कोट, पुरोला और मोरी से पुलिस एवं फायर सर्विस की टीमें मौके के लिए रवाना कर दी गईं। दुर्गम क्षेत्र होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
गौरतलब है कि मोरी ब्लॉक में अधिकांश मकान लकड़ी से बने होते हैं, जिससे आग की घटनाओं का खतरा अधिक बना रहता है। पूर्व में भी इस क्षेत्र में कई अग्निकांड की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। फिलहाल, आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।



Admin






