kotha
post authorAdmin 30 Dec 2025

संयुक्त राष्ट्र प्रमुख एंटोनियो गुटेरेस ने पहली बार हिंदी में दिया नववर्ष संदेश, बोले – युद्ध नहीं, विकास में निवेश से बनेगी सुरक्षित दुनिया.

संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने नववर्ष के अवसर पर पहली बार हिंदी भाषा में वैश्विक संदेश जारी कर दुनिया भर के नेताओं को स्पष्ट और कड़ा संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि आज दुनिया “अराजकता और अनिश्चितता” के दौर से गुजर रही है और इसका समाधान हथियारों की होड़ नहीं, बल्कि विकास, शांति और मानव कल्याण में निवेश है।

गुटेरेस ने वैश्विक सैन्य खर्च पर गंभीर चिंता जताते हुए बताया कि दुनिया का कुल सैन्य व्यय बढ़कर 2.7 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंच गया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 10 प्रतिशत अधिक है। यह राशि न केवल वैश्विक विकास सहायता से करीब 13 गुना ज्यादा है, बल्कि अफ्रीका के सकल घरेलू उत्पाद के लगभग बराबर भी है। यह स्थिति वैश्विक प्राथमिकताओं के असंतुलन को उजागर करती है।

उन्होंने कहा, “एक सुरक्षित दुनिया की शुरुआत गरीबी से लड़ने में अधिक निवेश करने और युद्धों से लड़ने में कम निवेश करने से होती है।”
संयुक्त राष्ट्र प्रमुख ने यह भी चेतावनी दी कि जलवायु संकट, सशस्त्र संघर्ष और अंतरराष्ट्रीय कानूनों के उल्लंघन तेज़ी से बढ़ रहे हैं, जिससे आम नागरिकों का भरोसा नेतृत्व से उठता जा रहा है।

गुटेरेस ने कहा कि दुनिया इस समय एक चौराहे पर खड़ी है, जहां लोग यह पूछ रहे हैं कि क्या उनके नेता उनकी आवाज़ सुन रहे हैं और क्या वे वास्तविक कार्रवाई करने को तैयार हैं। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा, “शांति स्थापित होनी ही चाहिए।”

यह संदेश पहली बार हिंदी में जारी किया गया, जबकि वीडियो संस्करण में हिंदी उपशीर्षक भी शामिल किए गए। यह कदम ऐसे समय में उठाया गया है जब भारत संयुक्त राष्ट्र में हिंदी भाषा के वैश्विक प्रसार के लिए निरंतर प्रयास कर रहा है।

अपने कार्यकाल के अंतिम चरण में पहुंचे गुटेरेस ने 2026 के लिए नेताओं से अपील करते हुए कहा कि अब समय आ गया है कि “पीड़ा के बजाय लोगों और पृथ्वी को चुना जाए।”