ऋषिकेश क्षेत्र की भोगपुर पंचायत में मंगलवार को एक बहुउद्देशीय जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने भाग लेते हुए अपनी विभिन्न समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं।
इस शिविर में कुल 67 शिकायतें पंजीकृत की गईं, जिनमें से कई समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को अग्रसारित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे क्षेत्रीय विधायक बृजभूषण गैरोला ने कहा कि प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है कि आमजन तक सीधे पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनी जाएं और उनका त्वरित समाधान किया जाए। इसी उद्देश्य से ऐसे बहुउद्देशीय शिविरों का आयोजन लगातार किया जा रहा है।
शिविर में कुल 23 विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने प्रतिभाग किया।
क्षेत्र पंचायत सदस्य संजीव नेगी ने सरकारी संपत्तियों पर अतिक्रमण, जंगली जानवरों एवं बंदरों की समस्या उठाते हुए भोगपुर में पशु चिकित्सालय खोलने की मांग रखी।
वहीं भोजन माताओं अनीता देवी और उर्मिला नेगी ने मानदेय बढ़ाने की मांग की।
पूर्णानंद तिवारी द्वारा रोडवेज बसों के संचालन को लेकर प्रार्थना पत्र सौंपा गया।
ग्राम प्रधान बड़कोट दीक्षा भट्ट ने पेयजल लाइन की मांग उठाई, जबकि ग्राम प्रधान चांद खान ने क्षेत्र की पेयजल समस्या से अवगत कराया।
दीपक ने आपदा में हुए नुकसान की भरपाई की मांग रखी।
वार्ड मेंबर रीता नेगी ने वार्ड सदस्यों के मानदेय बढ़ाने को लेकर आवेदन प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष राजेंद्र तड़ियाल, मधु भट्ट, गीतांजलि रावत, सतीश सेमवाल, रश्मि मिंया, एसडीएम योगेश मेहरा, तहसीलदार चमन सिंह, खंड विकास अधिकारी पुरुषोत्तम सेमवाल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।




Admin






