देहरादून :
नए वर्ष की शुरुआत में उत्तराखंड सरकार ने राज्यवासियों को सार्वजनिक परिवहन के क्षेत्र में एक बड़ी सौगात दी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में उत्तराखंड परिवहन निगम के बेड़े में शामिल की गई 112 नई बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर को राज्य के लिए गर्व और प्रसन्नता का क्षण बताते हुए कहा कि इन नई बसों के जुड़ने से उत्तराखंड की परिवहन व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी तथा देश-विदेश से आने वाले यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा अनुभव मिलेगा।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने 10 एसी और 2 स्लीपर अनुबंधित बसों को भी जनता को समर्पित किया। इसके साथ ही परिवहन निगम की स्मारिका “अनवरत” और सड़क सुरक्षा पर आधारित कैलेंडर का विमोचन किया गया। कठिन परिस्थितियों में ईमानदारी और निष्ठा से सेवा देने वाले कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अत्याधुनिक तकनीक से लैस ये बसें न केवल यात्रियों की सुरक्षा बढ़ाएंगी बल्कि राज्य की आर्थिक, सामाजिक और पर्यटन गतिविधियों को भी नई गति प्रदान करेंगी। उन्होंने कहा कि पर्वतीय और दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों वाले उत्तराखंड में सुदृढ़ परिवहन तंत्र विकास की रीढ़ है।
सरकार द्वारा परिवहन निगम को सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। अब तक 13 से अधिक नए बस अड्डों और कार्यशालाओं का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि 14 अन्य स्थानों पर कार्य प्रगति पर है, जिनमें 4 आईएसबीटी शामिल हैं। जल्द ही निगम के बेड़े में इलेक्ट्रिक बसों को भी जोड़ा जाएगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि निगम की बसों में जीपीएस, सीसीटीवी कैमरे, ई-टिकटिंग, फ्लीट मॉनिटरिंग और समयबद्ध मेंटेनेंस जैसी आधुनिक सुविधाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। साथ ही कर्मचारियों के हित में डीए वृद्धि, सातवें वेतन आयोग की सिफारिशों का क्रियान्वयन और नई भर्तियों की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई गई है।
मुख्यमंत्री ने दोहराया कि सरकार परिवहन निगम को “सेवा का माध्यम” मानते हुए इसे आधुनिक, आत्मनिर्भर और जनोन्मुखी बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।



Admin






