kotha
post authorAdmin 01 Jan 2026

उत्तराखंड: ऋषिकेश में सीमेंट दिलाने के नाम पर 1.72 लाख की साइबर ठगी, केस दर्ज.

डोईवाला (देहरादून)।
ऑनलाइन खरीद-फरोख्त के नाम पर साइबर ठगी का एक और मामला सामने आया है। ऋषिकेश क्षेत्र में सीमेंट सप्लाई का झांसा देकर ठगों ने एक व्यक्ति से 1 लाख 72 हजार 800 रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली डोईवाला में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है

प्राप्त जानकारी के अनुसार, तूर कॉलोनी, आर्यनगर, भानियावाला निवासी हरविंदर सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 20 दिसंबर को उन्होंने ऑनलाइन सीमेंट खरीदने के लिए अपने एक मित्र के मोबाइल फोन से श्रीकांत मिश्रा नामक व्यक्ति से संपर्क किया। आरोपी ने 640 बैग सीमेंट देने का आश्वासन देते हुए 270 रुपये प्रति बैग का रेट बताया।

आरोपी के झांसे में आकर पीड़ित ने 22 दिसंबर को आरटीजीएस के माध्यम से 1,72,800 रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके अगले दिन आरोपी ने फोन कर बताया कि सीमेंट से भरी गाड़ी लोड हो रही है, लेकिन चालान नहीं कट पा रहा है। इसके लिए उसने एक और गाड़ी सीमेंट लेने तथा 1.25 लाख रुपये का कूपन काटकर मेंबरशिप लेने की बात कही।

इस पर पीड़ित को संदेह हुआ। जब वह दिए गए पते पर पहुंचा, तो पता चला कि वहां श्रीकांत मिश्रा नाम का कोई व्यक्ति मौजूद ही नहीं है। इसके बाद आरोपी का मोबाइल फोन भी बंद हो गया।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मामले में आईटी एक्ट समेत संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है और साइबर सेल की मदद से आरोपी की तलाश की जा रही है।