उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को जनपद उधमसिंह नगर के गदरपुर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत रोशनपुर डलबाबा में बुक्सा जनजाति समाज के वीर योद्धा राजा जगतदेव की प्रतिमा का वर्चुअल अनावरण किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राजा जगतदेव का जीवन त्याग, शौर्य, धर्मनिष्ठा और सांस्कृतिक संरक्षण का अद्वितीय उदाहरण है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल एक प्रतिमा के अनावरण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह बुक्सा जनजाति की गौरवशाली परंपरा, संस्कृति और बलिदान को नमन करने का एक ऐतिहासिक अवसर है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजा जगतदेव ने कठिन परिस्थितियों में भी धर्म और संस्कृति की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व समर्पित किया। उनका जीवन स्वाभिमान, आस्था और साहस की अमिट प्रेरणा है, जिससे आने वाली पीढ़ियाँ मार्गदर्शन प्राप्त कर सकती हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उधमसिंह नगर, नैनीताल और कोटद्वार सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में निवासरत बुक्सा समाज आज भी अपनी संस्कृति, परंपरा और पहचान को जीवंत बनाए हुए है। राज्य सरकार जनजातीय समुदायों के सांस्कृतिक संरक्षण, इतिहास के दस्तावेजीकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास और रोजगार के क्षेत्र में पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर क्षेत्रीय विकास से जुड़ी तीन महत्वपूर्ण घोषणाएँ भी कीं। ग्राम सभा रोशनपुर स्थित श्री डलबाबा मंदिर परिसर में चाहरदीवारी, टीनशेड, फर्श और शौचालय का निर्माण कराया जाएगा। ग्राम बलरामनगर से खेमपुर तक 3 किलोमीटर सड़क का पुनर्निर्माण तथा ग्राम सीतापुर से एएनके इंटर कॉलेज तक 4 किलोमीटर सड़क का पुनर्निर्माण कार्य कराया जाएगा।
कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख ज्योति ग्रोवर, नगर पंचायत अध्यक्ष सतीश चुघ, दर्जामंत्री मंजीत सिंह राजू, जिलाधिकारी नितिन भदौरिया एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा उपस्थित रहे।



Admin






