हल्द्वानी | आपातकालीन सेवा डायल 112 का दुरुपयोग एक रोडवेज बस चालक को महंगा पड़ गया। झूठी लूट की सूचना देकर पुलिस को गुमराह करने के मामले में कोतवाली हल्द्वानी पुलिस ने बस चालक पर ₹5000 का चालान किया है।
जानकारी के अनुसार रोडवेज बस चालक ब्रज किशोर ने डायल 112 पर सूचना दी थी कि टांडा जंगल क्षेत्र में हल्द्वानी-रुद्रपुर मार्ग पर एक ऑल्टो कार सवारों ने उनकी बस को रोककर मारपीट की और यात्रियों से पैसे लूट लिए। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी सिटी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
कंट्रोल रूम से अलर्ट जारी कर पुलिस टीम ने रामपुर रोड स्थित गन्ना सेंटर के पास ऑल्टो कार को रोककर दोनों पक्षों को चौकी लाया। जांच के दौरान बस में सवार यात्रियों से पूछताछ की गई, जिसमें लूट की घटना पूरी तरह झूठी पाई गई।
यात्रियों ने बताया कि टांडा बैरियर के पास बस और ऑल्टो कार के बीच हल्की टक्कर हुई थी। नुकसान को लेकर कार चालक ने बस रुकवाई, जिसके बाद कहासुनी और मारपीट हुई। किसी प्रकार की लूट नहीं हुई थी।
जांच के बाद पुलिस ने डायल 112 पर झूठी सूचना देने के आरोप में रोडवेज बस संख्या UP 30 AT 1958 के चालक ब्रज किशोर के खिलाफ पुलिस एक्ट की धारा 83 के तहत ₹5000 का चालान किया। वहीं मारपीट के मामले में ऑल्टो चालक हैरी सिंह और दीप सिंह के खिलाफ पुलिस एक्ट की धारा 81 के तहत कार्रवाई करते हुए कार को सीज कर दिया गया।
टीपी नगर चौकी इंचार्ज मनोज कुमार ने बताया कि आपातकालीन सेवाओं का दुरुपयोग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। आमजन से अपील है कि डायल 112 का उपयोग केवल वास्तविक आपात स्थिति में ही करें।



Admin






