उत्तराखंड सिनेमा के इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। प्रदेश की पहली म्यूजिकल सांस्कृतिक फिल्म ‘चक्रव्यूह’ का निर्माण शुरू हो चुका है। नए वर्ष के अवसर पर इस महत्वाकांक्षी फिल्म का शुभारंभ देहरादून में किया गया, जहां केदारनाथ क्षेत्र की विधायक आशा नौटियाल ने विधिवत क्लैप कर फिल्म की शुरुआत की।
फिल्म का निर्देशन शुभम सेमवाल कर रहे हैं, जबकि इसकी कहानी केदारघाटी के प्रख्यात विद्वान आचार्य डॉ. कृष्णानन्द नौटियाल की लिखित रचना ‘चक्रव्यूह’ पर आधारित है। यह फिल्म लगभग 90 मिनट की होगी, जिसमें उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति और लोकसंगीत को प्रमुखता से प्रस्तुत किया जाएगा।
फिल्म में केदारघाटी में प्रचलित लोकसंगीत शैलियों—पंडवली, जागर, नग्वली, रांसा, द्योपुरी, एड़्वली, मन्दाक्रान्ता, भार्ता, वीरनग्वली और बगड्वली—को संगीतमय रूप में पिरोया गया है। इन लोकगीतों का संकलन स्वयं डॉ. कृष्णानन्द नौटियाल द्वारा किया गया है, जबकि संगीत निर्देशन की जिम्मेदारी अखिल मौर्य निभा रहे हैं।
फिल्म की परिकल्पना शैलेश नौटियाल ने की है, जो फिल्म में एसोसिएट डायरेक्टर की अहम भूमिका में भी नजर आएंगे। वहीं, फिल्म के निर्माता अनिरुद्ध सिंह बघेल हैं, जो उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत को सिनेमा के माध्यम से नई पहचान दिलाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
इस अवसर पर केदारघाटी मंडाण के संरक्षक नरेंद्र रौथाण ने कहा कि फिल्म ‘चक्रव्यूह’ उत्तराखंड की लोकसंस्कृति, संगीत और परंपराओं को भव्य सिनेमाई रूप में प्रस्तुत करेगी और दर्शकों से भावनात्मक रूप से जुड़ने का कार्य करेगी।



Admin






