उत्तराखंड के ऋषिकेश क्षेत्र में विकास का एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है।
टिहरी गढ़वाल और पौड़ी गढ़वाल जनपदों की सीमा को जोड़ने वाला बजरंग सेतु आगामी 26 जनवरी को विधिवत रूप से जनता को समर्पित किया जाएगा।
करीब तीन वर्षों के लंबे इंतजार के बाद यह अत्याधुनिक पुल आमजन के साथ-साथ देशी-विदेशी पर्यटकों के लिए भी खोल दिया जाएगा। पुल के चालू होने से तपोवन और लक्ष्मणझूला क्षेत्र के स्थानीय निवासियों और व्यापारियों को बड़ी राहत मिलेगी।
लोक निर्माण विभाग, नरेंद्रनगर द्वारा वर्ष 2022 में इस परियोजना का निर्माण कार्य शुरू किया गया था। लगभग ₹68.86 करोड़ की लागत से बने इस पुल की लंबाई 132.30 मीटर और चौड़ाई 5 मीटर है। पुल के दोनों ओर 1.5-1.5 मीटर चौड़ा, 65 मिमी मोटाई वाला पारदर्शी कांच का आकर्षक फुटपाथ बनाया गया है, जो इसे पर्यटकों के लिए खास बनाता है।
पुल का प्रवेश द्वार केदारनाथ मंदिर की वास्तुकला से प्रेरित है, जो धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को भी दर्शाता है।
लोक निर्माण विभाग नरेंद्रनगर के अधिशासी अभियंता प्रवीण कर्णवाल के अनुसार, बजरंग सेतु का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है और 26 जनवरी को इसे औपचारिक रूप से जनता के लिए खोल दिया जाएगा।



Admin






