kotha
post authorAdmin 06 Jan 2026

अंकिता भंडारी हत्याकांड में नए ऑडियो की जांच के लिए फिर SIT, CM धामी बोले – ‘हर जांच को तैयार सरकार’.

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अंकिता भंडारी हत्याकांड को राज्य का एक अत्यंत संवेदनशील और हृदय विदारक मामला बताया है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि राज्य सरकार इस प्रकरण में पहले दिन से ही सख्त, निष्पक्ष और पारदर्शी रुख अपनाए हुए है और आगे भी किसी भी स्तर की जांच से पीछे नहीं हटेगी।

मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। इस मामले में तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और उनकी निशानदेही पर पीड़िता का शव बरामद किया गया। इसके बाद एक महिला आईपीएस अधिकारी के नेतृत्व में विशेष जांच दल यानी SIT का गठन किया गया, जिसने पीड़ित परिवार सहित सभी संबंधित पक्षों से बातचीत कर गहन जांच की।

मुख्यमंत्री के अनुसार, सरकार की ओर से CBI जांच के लिए भी न्यायालय में आवेदन किया गया था। विस्तृत कानूनी प्रक्रिया के बाद अदालत ने तीनों दोषियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई, जो यह दर्शाता है कि कानून ने अपना कार्य निष्पक्षता के साथ किया।

हाल ही में सामने आए एक ऑडियो क्लिप को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि उसमें कई लोगों के नाम लिए जा रहे हैं। ऑडियो की सत्यता और तथ्यों की जांच के लिए एक बार फिर SIT का गठन किया गया है। पुलिस उन सभी लोगों से संपर्क कर रही है, जिनकी भूमिका या बातचीत का दावा ऑडियो में किया गया है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि केवल एक ऑडियो के आधार पर पूरे राज्य में भ्रम और अफवाह का माहौल बनाना उचित नहीं है, लेकिन यदि किसी के पास ठोस और प्रमाणिक सबूत हैं, तो सरकार हर प्रकार की जांच के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने दोहराया कि दोषी चाहे कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा। सरकार का एकमात्र उद्देश्य सच तक पहुंचना और अंकिता को न्याय दिलाना है।