kotha
post authorAdmin 17 Dec 2025

दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे 15 दिन में होगा शुरू, सफर घटकर दो घंटे का होगा: नितिन गडकरी.

नई दिल्ली: सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने संसद के शीतकालीन सत्र के दौरान कहा कि दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के शुरू होने के बाद राष्ट्रीय राजधानी से उत्तराखंड की राजधानी देहरादून का सफर महज़ दो घंटे में पूरा किया जा सकेगा।

राज्यसभा में प्रश्नकाल के दौरान एक पूरक प्रश्न के जवाब में गडकरी ने उम्मीद जताई कि यह एक्सप्रेसवे करीब 15 दिनों के भीतर चालू हो जाएगा। उन्होंने बताया कि इसके उद्घाटन के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से समय मांगा गया है।

गडकरी ने दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे का उदाहरण देते हुए कहा कि इसके बनने से मेरठ का सफर 45 मिनट में सिमट गया है, जो पहले साढ़े तीन घंटे का होता था।
उन्होंने बताया कि दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के अक्षरधाम मंदिर से प्रायोगिक परिचालन को मंजूरी मिल चुकी है।

मंत्री ने कहा कि इस मार्ग के शुरू होने से दिल्ली-मेरठ रूट पर यातायात दबाव भी कम होगा। साथ ही मेरठ में अंदरूनी रिंग रोड के सुझाव पर सरकार विचार करेगी।