kotha
post authorAdmin 19 Dec 2025

कर चोरी पर प्रभावी नियंत्रण के लिए AI आधारित तकनीक का उपयोग किया जाए: मुख्यमंत्री धामी.

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में सचिवालय में वित्तीय वर्ष 2025-26 की राजस्व प्राप्ति की स्थिति को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित हुई। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राजस्व वसूली बढ़ाने पर विशेष ध्यान देते हुए निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा किया जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कर चोरी पर प्रभावी नियंत्रण के लिए AI आधारित तकनीकों का अधिकतम उपयोग किया जाए। निबंधन एवं रजिस्ट्रेशन से जुड़े सभी कार्यों का पूर्ण डिजिटाइजेशन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने जिलाधिकारियों और वरिष्ठ अधिकारियों को सब-रजिस्ट्रार कार्यालयों के नियमित निरीक्षण तथा रजिस्ट्री के दौरान संपत्तियों के स्थलीय सत्यापन के निर्देश दिए।

प्रदेश से बाहर के वाहनों से ग्रीन सेस वसूली में हो रही देरी पर मुख्यमंत्री ने नाराजगी जताई और परिवहन विभाग को वसूली शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के साथ वन संपदा के संतुलित उपयोग, तराई क्षेत्रों में कमर्शियल प्लांटेशन और जड़ी-बूटी सेक्टर के लिए ठोस योजना बनाने पर भी जोर दिया।

मुख्यमंत्री ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए ₹24,015 करोड़ का कर राजस्व लक्ष्य निर्धारित है, जिसमें अब तक 62 प्रतिशत से अधिक की प्राप्ति हो चुकी है। उन्होंने शेष अवधि में शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए।
उन्होंने यह भी कहा कि पूंजीगत व्यय में 34 प्रतिशत वृद्धि से इंफ्रास्ट्रक्चर विकास को नई गति मिलेगी।

बैठक में मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन सहित वरिष्ठ अधिकारी एवं सभी जिलाधिकारी वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए।