kotha
post authorAdmin 19 Dec 2025

मुख्यमंत्री धामी ने विश्व अल्पसंख्यक अधिकार दिवस कार्यक्रम में लिया भाग, योजनाओं और सुधारों पर रखा पक्ष.

देहरादून स्थित हिमालयन सांस्कृतिक केंद्र, नींबूवाला में गुरुवार को विश्व अल्पसंख्यक अधिकार दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने अल्पसंख्यक समुदाय के मेधावी छात्रों को सम्मानित किया और विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में उपस्थित मुस्लिम महिलाओं ने राज्य में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू किए जाने पर मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार अल्पसंख्यक समुदाय के सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की संस्कृति समानता, सम्मान और सह-अस्तित्व की भावना पर आधारित रही है। वसुधैव कुटुम्बकम के सिद्धांत के साथ भारत ने सदैव विश्व को एक परिवार माना है।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित विभिन्न योजनाओं—जनधन, उज्ज्वला, पीएम आवास, मुफ्त राशन, जियो पारसी योजना, हज प्रक्रिया में सुधार, तीन तलाक समाप्ति सहित अनेक कदमों का उल्लेख किया।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम, मुख्यमंत्री अल्पसंख्यक प्रोत्साहन योजना, अल्पसंख्यक विकास निधि, मुख्यमंत्री हुनर योजना, स्वरोजगार योजना और मौलाना आज़ाद एजुकेशन लोन योजना के माध्यम से अल्पसंख्यक समुदाय को मुख्यधारा से जोड़ा जा रहा है।

उन्होंने कहा कि राज्य में नया अल्पसंख्यक शिक्षा कानून लागू किया गया है, जिसके तहत सभी अल्पसंख्यक विद्यालयों में धार्मिक शिक्षा के साथ बोर्ड पाठ्यक्रम भी पढ़ाया जाएगा। साथ ही सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए धर्मांतरण विरोधी कानून भी प्रभावी रूप से लागू है।