kotha
post authorAdmin 20 Dec 2025

भोजन की तलाश में बच्चों के साथ घर में घुसा भालू, CCTV में कैद – ग्रामीणों में दहशत.

उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में भालुओं का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। टकनौर क्षेत्र के भटवाड़ी ब्लॉक स्थित मल्ला गांव में जंगल से निकलकर एक भालू अपने दो बच्चों के साथ एक घर में घुस गया। यह पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।

वीडियो में देखा जा सकता है कि भालू अपने दोनों बच्चों के साथ घर के आंगन में घूमते हुए भोजन की तलाश करता रहा। इस दौरान दोनों शावक आपस में लड़ते भी दिखाई दिए, जिन्हें बाद में मादा भालू अलग करती नजर आई। काफी देर तक भालू परिवार घर में चहल-कदमी करता रहा, जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल बन गया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में भालुओं की आवाजाही लगातार बढ़ रही है, लेकिन वन विभाग की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। अंधेरा होते ही ग्रामीण घरों में कैद हो जाते हैं। पूर्व में भालू के डर से भागते समय दो महिलाओं की मौत की घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं, जिससे लोगों की चिंता और बढ़ गई है।