kotha
post authorAdmin 20 Dec 2025

नीतिगत सुधारों और डिजिटल नवाचारों से भारत बना विश्वसनीय वैश्विक भागीदार: पीयूष गोयल.

वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा है कि नीतिगत सुधारों, नए श्रम कानूनों, डिजिटल नवाचारों और मज़बूत निर्यात प्रदर्शन ने भारत को आज एक विश्वसनीय वैश्विक भागीदार के रूप में स्थापित किया है।

विश्व हिंदू आर्थिक मंच 2025 को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अपनाए गए सुधारवादी दृष्टिकोण ने देश को ‘विकसित भारत’ की दिशा में आगे बढ़ाने की ठोस नींव रखी है।

पीयूष गोयल ने ‘वसुधैव कुटुंबकम’ को भारत की सभ्यतागत चेतना बताते हुए कहा कि यह दर्शन आज भारत के वैश्विक नेतृत्व की पहचान बन चुका है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत की प्रगति केवल आर्थिक आंकड़ों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह मूल्यों, सोच और कार्यशैली में आए परिवर्तन की कहानी भी है।

उन्होंने कहा कि विविधीकरण, नवाचार और रणनीतिक व्यापार सुधारों के बल पर भारत वैश्विक अनिश्चितताओं के बावजूद अपने निर्यात को लगातार सशक्त कर रहा है।