kotha
post authorAdmin 23 Dec 2025

बहादुर बिटिया दिव्या: स्कूल परिसर से छात्र को उठा ले गया भालू, आठवीं की छात्रा ने दिखाया अदम्य साहस, मौत के मुंह से आरव को खींच लाई.

पोखरी विकासखंड के जूनियर हाईस्कूल हरिशंकर में सोमवार सुबह जो हुआ, उसने पूरे इलाके को दहला दिया। स्कूल शुरू होने से पहले परिसर में दो भालू आ धमके और देखते ही देखते छठवीं कक्षा के छात्र आरव पर छोटे भालू ने हमला कर दिया।

भालू आरव को घसीटते हुए झाड़ियों की ओर ले गया। अफरा-तफरी के माहौल में जहां बाकी बच्चे सहमे और स्तब्ध रह गए, वहीं आठवीं कक्षा की छात्रा दिव्या ने असाधारण साहस और सूझ-बूझ का परिचय दिया।

दिव्या ने सबसे पहले सभी बच्चों को स्कूल के एक कमरे में सुरक्षित बंद किया और फिर बिना अपनी जान की परवाह किए झाड़ियों की ओर दौड़ पड़ी। उसके शोर मचाने और हिम्मत के चलते शिक्षक और अन्य कर्मचारी भी मौके पर पहुंचे। सामूहिक शोर-शराबे के बीच दोनों भालू जंगल की ओर भाग गए और आरव की जान बच सकी।

घटना के बाद आरव बुरी तरह डरा और घायल था। उसने बताया कि भालू को अचानक सामने देखकर उसकी आंखें बंद हो गईं और भालू ने उसकी पीठ पर पंजे मारकर घसीटा।

घटना के बाद पूरा विद्यालय भय के साये में है। बहादुर दिव्या घटना को याद कर फफक पड़ी, लेकिन उसकी बहादुरी को शिक्षकों और ग्रामीणों ने सलाम किया है।