नोएडा स्टेडियम में आयोजित 15वें महाकौथिग मेले के पांचवें दिन लोकसंस्कृति, संगीत और उत्तराखंडी परंपराओं की भव्य झलक देखने को मिली। शाम के सांस्कृतिक सत्र का शुभारंभ मुख्य अतिथि रवि नेगी एवं विशिष्ट अतिथि विनोद बछेती द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत लोकगायक अजय दीवान की जोड़ी द्वारा प्रस्तुत लोकप्रिय लोकगीत “हम पहाड़ का पंछी छू का का उड़ू लो…” से हुई, जिसने दर्शकों को भावनात्मक रूप से जोड़ दिया। इसके बाद मंच संभाला प्रसिद्ध जागर गायक मंगलेश डंगवाल ने। उनके जागर गीतों पर दर्शक झूम उठे और इस दौरान दर्शक दीर्घा में कई महिलाओं पर देवी-अवतरण की झलक भी देखने को मिली।
इसके पश्चात मंगलेश डंगवाल ने अपना सुपरहिट गीत “सिल्की बाँद…” प्रस्तुत कर माहौल को और ऊर्जावान बना दिया। वहीं लोकगायिका आशा नेगी ने भी एक से बढ़कर एक लोकगीतों की प्रस्तुति देकर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।
इस अवसर पर उत्तराखंड मूल के भारतीय क्रिकेट खिलाड़ी पवन सुयाल का महाकौथिग मंच पर पहाड़ी उत्पाद भेंट कर सम्मानपूर्वक स्वागत किया गया।
पांचवें दिन भी नोएडा स्टेडियम में प्रवासी उत्तराखंडियों का भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा। आयोजन में महाकौथिग के मुख्य संयोजक राजेन्द्र चौहान, संस्थापिका कल्पना चौहान, चेयरमैन आदित्य घिल्डियाल, अध्यक्ष हरीश असवाल, संयोजिका इंद्रा चौधरी, मीडिया प्रभारी रजनी ढौंडियाल जोशी सहित पूरी टीम उपस्थित रही।



Admin






