टिहरी जिले के भिलंगना ब्लॉक अंतर्गत लसियाल गांव से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। छोटे भाई के साथ बेरहमी से मारपीट कर उसके दोनों हाथ काटने के आरोप में पुलिस ने आरोपी भाई और भाभी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल पर साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक जांच यूनिट को भेजा गया है।
बालगंगा तहसील के लसियाल गांव निवासी पीड़ित अंग्रेज सिंह बिष्ट (25) ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 20 दिसंबर की रात उसका बड़ा भाई पूरब सिंह और भाभी अंजलि महाराष्ट्र से गांव पहुंचे थे। देर रात दोनों उसके कमरे में आए और अचानक उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
पीड़ित के अनुसार, जब उसने जान बचाने के लिए भागने की कोशिश की तो दरवाजे पर खड़ी भाभी से चाकू लेकर बड़े भाई ने उस पर हमला कर दिया, जिससे उसके दोनों हाथ गंभीर रूप से घायल हो गए। किसी तरह जान बचाकर वह रात में ही गांव में रह रहे नेपाली परिवार के घर पहुंचा।
सुबह उसने अपने चाचा से मदद मांगी, लेकिन वहां से भी कोई सहायता नहीं मिली। शाम को आरोपी भाई ही उसे बेलेश्वर अस्पताल लेकर गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे पिलखी रेफर किया, जहां से उसे हायर सेंटर भेज दिया गया।
इसके बाद पीड़ित को ऋषिकेश के एक बड़े अस्पताल में भर्ती कराया गया। पीड़ित का कहना है कि डॉक्टरों से हाथ बचाने की गुहार लगाई गई, लेकिन जब उसे होश आया तो दोनों हाथ काटे जा चुके थे।
थानाध्यक्ष अजय कुमार जाटव ने बताया कि पीड़ित की नामजद तहरीर के आधार पर आरोपी भाई पूरब सिंह और भाभी अंजलि को गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों आरोपियों को 25 दिसंबर को न्यायालय में पेश किया जाएगा।



Admin






