दिनांक 12 दिसंबर 2025 को सीमांत जनपद पिथौरागढ़ के ग्राम सभा मड़-खड़ायत एवं सिलौली (संयुक्त कार्यक्रम) में उद्यमिता विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत 21 दिवसीय लोक कला – ऐपण प्रशिक्षण कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया। यह कार्यक्रम 12 दिसंबर 2025 से 01 जनवरी 2026 तक संचालित किया जाएगा।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम उद्योग निदेशालय (उत्तराखंड शासन) के तत्वावधान में तथा सामाजिक संस्था उपलब्धि सामाजिक एवं स्वैच्छिक समिति द्वारा विकास खंड मूनाकोट एवं विण में आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण महिलाओं एवं ग्रामीण युवाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को सरकारी उद्यमिता एवं स्वरोजगार योजनाओं से जोड़ते हुए उन्हें आत्मनिर्भर बनाना तथा अपने ही गांव में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। इस दौरान प्रतिभागियों को भारत सरकार एवं उत्तराखंड सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण सत्र में श्री भगवती प्रसाद अवस्थी, सहायक प्रबंधक, जिला उद्योग केंद्र (मूनाकोट एवं विण) ने मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, विश्वकर्मा योजना, MSME एवं Startup India के अंतर्गत उपलब्ध बैंक ऋण, सब्सिडी, पात्रता, प्रशिक्षण एवं आवेदन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने प्रतिभागी महिलाओं द्वारा पूछे गए प्रश्नों का सरल भाषा में समाधान भी किया।
संस्था के अध्यक्ष एवं कार्यक्रम समन्वयक श्री नरेंद्र उपाध्याय ने लोक कला ऐपण के सांस्कृतिक और आर्थिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि ऐपण कुमाऊं क्षेत्र की प्राचीन लोक कला है, जिसे धार्मिक अनुष्ठानों, पर्व-त्योहारों और शुभ अवसरों पर घरों की देहरी, दीवारों एवं मंदिरों में बनाया जाता है। यह कला स्वास्तिक, कमल, सूर्य-चंद्रमा, शंख-चक्र एवं लक्ष्मी पगचिह्न जैसे प्रतीकों पर आधारित होती है और समृद्धि का प्रतीक मानी जाती है।
उन्होंने बताया कि ग्रामीण युवा हस्तशिल्प, जैविक खेती, पशुपालन, बकरी पालन, मुर्गी पालन, मौन पालन, मत्स्य पालन एवं होमस्टे जैसे उद्यम स्थापित कर न केवल स्वयं रोजगार पा सकते हैं बल्कि अन्य युवाओं को भी रोजगार दे सकते हैं। संस्था का उद्देश्य इस प्रकार के प्रशिक्षणों के माध्यम से पलायन को रोकना और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाना है।
कार्यक्रम में श्री दीपक सिंह खड़ायत (ग्राम प्रधान, मड़-खड़ायत), श्री हेमराज सिंह खड़ायत (क्षेत्र पंचायत सदस्य), ऐपण प्रशिक्षक सुश्री मंजू भंडारी, श्री दीक्षित खोलिया सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।



Admin






