kotha
post authorAdmin 25 Dec 2025

ऋषिकेश: मां आनंदम पब्लिक स्कूल में विद्यार्थियों ने किया तुलसी पूजन, संस्कृति और प्रकृति से जुड़ने का संदेश.

ऋषिकेश के गौहरीमाफी क्षेत्र स्थित मां आनंदम पब्लिक स्कूल में 25 दिसंबर को विद्यार्थियों द्वारा पारंपरिक तुलसी पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्रों ने विद्यालय परिसर में एकत्र होकर अनुशासन और श्रद्धा के साथ तुलसी माता की पूजा-अर्चना की।

इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य और पारंपरिक ज्ञान के महत्व से परिचित कराना रहा। कार्यक्रम के दौरान बच्चों को तुलसी पौधे के औषधीय गुणों और धार्मिक महत्व की जानकारी भी दी गई।

कार्यक्रम को और अधिक आकर्षक बनाते हुए कुछ छात्र सांता क्लॉज की वेशभूषा में भी नजर आए। इन बच्चों ने भी अन्य विद्यार्थियों के साथ मिलकर उत्साहपूर्वक तुलसी पूजन में भाग लिया, जिससे कार्यक्रम में सांस्कृतिक समन्वय और आनंद का वातावरण बना रहा।

इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या विधि गुप्ता सहित प्रिया, मीरा एवं अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं। विद्यालय प्रशासन ने ऐसे आयोजनों को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक बताया।