देहरादून से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पिता की लापरवाही नहीं बल्कि एक पल की अनदेखी ने पूरे परिवार की खुशियां छीन लीं।
झबरेड़ा क्षेत्र में चार वर्षीय मासूम बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई, जिससे घर में कोहराम मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, झबरेड़ा निवासी रवि कुमार पेशे से किराए पर कार चलाते हैं। घटना के समय वे शाम को अपनी कार को घर के आंगन में पीछे की ओर लगाकर खड़ा कर रहे थे। इसी दौरान उनका चार वर्षीय बेटा घर का दरवाजा खोलकर अचानक बाहर निकल आया और कार के पीछे खड़ा हो गया।
पिता को बच्चे की मौजूदगी का आभास नहीं हुआ और जैसे ही उन्होंने कार पीछे की ओर बढ़ाई, मासूम पहिए के नीचे आ गया। बच्चे की चीख सुनकर परिवार के लोग दौड़कर बाहर आए और उसे बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
इस दर्दनाक हादसे ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया है। आसपास के लोग और पड़ोसी भी इस घटना से स्तब्ध हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और लोगों से अपील की है कि वाहन पार्क करते समय विशेष सतर्कता बरतें, ताकि इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।



Admin






