हल्द्वानी से बड़ी खबर सामने आई है, जहां महिला अपराध से जुड़े एक गंभीर मामले में पुलिस विभाग ने सख्त प्रशासनिक कार्रवाई की है। लालकुआं कोतवाली में तैनात महिला उपनिरीक्षक अंजू नेगी को दुष्कर्म मामले की जांच में लापरवाही और आरोपी को लाभ पहुंचाने के आरोप में निलंबित कर दिया गया है।
मामला अक्टूबर 2025 का है, जब एक युवती ने लालकुआं कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़िता का आरोप था कि आरोपी ने शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इस संवेदनशील मामले की विवेचना महिला एसआई अंजू नेगी को सौंपी गई थी।
जांच के दौरान यह सामने आया कि महिला उपनिरीक्षक ने निष्पक्ष जांच करने के बजाय आरोपी को फायदा पहुंचाने का प्रयास किया। प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टीसी ने तत्काल प्रभाव से महिला एसआई को निलंबित कर दिया।
एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि महिला अपराध से जुड़े मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही, पक्षपात या ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। महिला सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
यह कार्रवाई पुलिस महकमे में एक कड़े संदेश के रूप में देखी जा रही है कि न्याय प्रक्रिया से समझौता करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।



Admin






