kotha
post authorAdmin 15 Jan 2026

Weather Alert: कल से उत्तराखंड में हफ्तेभर बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी, घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट.

भारतीय मौसम विभाग की ताज़ा रिपोर्ट के मुताबिक उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मजबूत पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से 16 जनवरी से पूरे एक हफ्ते तक बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग के अनुसार उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ हिस्सों में बारिश दर्ज की जा सकती है, जबकि 3200 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में लगातार हिमपात के आसार बने हुए हैं।

लंबे समय से बारिश न होने के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में सूखे जैसे हालात पैदा हो गए हैं। नमी की कमी के चलते शीतकाल में भी वनाग्नि की घटनाएं रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई हैं। पहाड़ों में पाला गिरने से ठंड और ज्यादा बढ़ गई है।

वहीं दूसरी ओर हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर, देहरादून, पौड़ी, चंपावत और नैनीताल के मैदानी इलाकों में घने से अत्यंत घने कोहरे का कहर जारी है। मौसम विभाग ने ऊधमसिंह नगर और हरिद्वार में आज और कल के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

बारिश और बर्फबारी के बाद तापमान में और गिरावट आने की संभावना है, जिससे आने वाले दिनों में ठंड और अधिक बढ़ेगी।