kotha
post authorAdmin 16 Jan 2026

हरिद्वार: हरकी पैड़ी पर अहिंदुओं का प्रवेश निषेध, रील और ड्रोन पर भी प्रतिबंध—जगह-जगह लगाए गए सूचना बोर्ड.

धार्मिक नगरी हरिद्वार के प्रमुख तीर्थस्थल हरकी पैड़ी पर धार्मिक मर्यादा को लेकर सख्ती बढ़ा दी गई है। हरकी पैड़ी क्षेत्र में जगह-जगह ऐसे बोर्ड लगाए गए हैं, जिनमें अहिंदुओं के प्रवेश पर प्रतिबंध की बात स्पष्ट रूप से लिखी गई है।

इसके साथ ही हरकी पैड़ी और मालवीय द्वीप क्षेत्र में ड्रोन उड़ाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। किसी भी प्रकार के फिल्मी गानों पर वीडियो या रील बनाने को भी वर्जित कर दिया गया है।

इस संबंध में श्रीगंगा सभा ने साफ चेतावनी दी है कि धार्मिक स्थल की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाले वीडियो या रील सोशल मीडिया पर वायरल किए जाने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

दरअसल, कुछ दिन पहले हरकी पैड़ी क्षेत्र का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें दो युवक अरबी वेशभूषा में घाटों पर घूमते नजर आए। वीडियो सामने आने के बाद तीर्थ पुरोहितों ने कड़ी नाराजगी जताई और इसे धार्मिक भावनाओं से जुड़ा मामला बताया।

श्रीगंगा सभा के महामंत्री तन्मय वशिष्ठ ने बताया कि इस पूरे मामले की जानकारी पुलिस प्रशासन को दे दी गई है। वहीं, सभा के सचिव उज्जवल पंडित ने कहा कि चौकी पुलिस को भी सूचित कर दिया गया है।

शहर कोतवाली प्रभारी रितेश शाह के अनुसार, मामले की जांच शुरू कर दी गई है और वीडियो में दिखाई दे रहे युवकों की पहचान की जा रही है।