kotha
post authorAdmin 17 Jan 2026

ऋषिकेश: बापूग्राम आंदोलन को कांग्रेस का खुला समर्थन, हर प्रभावित परिवार को हक दिलाने का ऐलान.

ऋषिकेश के बापूग्राम क्षेत्र में अपनी जमीन और मकान बचाने की मांग को लेकर स्थानीय निवासियों का आंदोलन तेज हो गया है। भूमियाल देवता के समीप आयोजित जनसभा में बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया और शासन-प्रशासन के खिलाफ एकजुटता दिखाई।

इस आंदोलन को समर्थन देने पहुंचे कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष राजपाल खरोला ने स्पष्ट कहा कि जब तक हर प्रभावित परिवार को जमीन और छत का अधिकार नहीं मिल जाता, तब तक कांग्रेस उनके संघर्ष में कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी रहेगी।

जनसभा में वक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि बापूग्राम के वन भूमि प्रकरण पर सरकार ने जल्द कोई सकारात्मक पहल नहीं की, तो यह समस्या भविष्य में प्रदेश के अन्य वन क्षेत्रों में भी विकराल रूप ले सकती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नए बिजली और पानी के कनेक्शन बंद कर दिए गए हैं, सीवर कार्य भी रोक दिया गया है, जिससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।

राजपाल खरोला ने यह भी बताया कि इस आंदोलन को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल का पूरा समर्थन प्राप्त है। उन्होंने आंदोलन को और मजबूत करने के लिए पदयात्रा का सुझाव देते हुए कहा कि पहले चरण में बापूग्राम से एसडीएम कार्यालय और दूसरे चरण में ऋषिकेश से देहरादून स्थित मुख्यमंत्री आवास तक कूच किया जाना चाहिए।

जनसभा में रमेश जुगलान, रविंद्र राणा, वीरेंद्र रमोला, सुरेंद्र सिंह नेगी, सचवीर भंडारी, योगेश्वर ध्यानी, राम प्रसाद उनियाल, सुभाष सैनी, अविनाश सेमल्टी, हर्षवर्धन रावत और मुस्कान चौधरी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।