देहरादून में सरेआम बढ़ती गुंडागर्दी ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बीते एक सप्ताह के भीतर शहर के अलग-अलग इलाकों में मारपीट, छेड़खानी और जानलेवा हमलों की कई घटनाएं सामने आई हैं, लेकिन पुलिस इन पर प्रभावी रोक लगाने में नाकाम नजर आ रही है।
पटेलनगर थाना क्षेत्र में कारगी चौक के पास कुछ बदमाशों ने युवकों को दो बार बेरहमी से पीटा। आरोप है कि पहले सड़क पर टक्कर के बाद विवाद हुआ, फिर अस्पताल से लौटते समय दोबारा हमला किया गया। पीड़ितों के अनुसार हमलावरों ने मेडिकल दस्तावेज फाड़ दिए और कार में जमकर तोड़फोड़ की।
पीड़ित मुस्तफा की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
वहीं दूसरी ओर, तिलक रोड पर एक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। नौ वर्षीय मासूम बच्ची से छेड़खानी का विरोध करने पर युवक नितिन नागपाल पर धारदार हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया गया। हमले में उनके सिर पर गंभीर चोटें आईं और नौ टांके लगाने पड़े।
पीड़ित के परिजनों के अनुसार समय रहते अस्पताल पहुंचने से उनकी जान बच सकी। शहर कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है।
इन घटनाओं ने देहरादून में सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा प्रश्नचिह्न खड़ा कर दिया है। आम लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं और सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।



Admin






