हल्द्वानी से सामने आई एक बेहद झकझोर देने वाली घटना ने समाज में अकेले रह रहे बुजुर्गों की स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
हल्द्वानी के वनभूलपुरा क्षेत्र में किराए के मकान में रह रहे एक बुजुर्ग की मौत के बाद उनका शव करीब पांच दिन तक घर में ही पड़ा रहा। इस दौरान किसी को भनक तक नहीं लगी।
घटना का खुलासा तब हुआ जब पड़ोसियों को घर से तेज दुर्गंध आने लगी। जब लोग कमरे के पास पहुंचे तो अंदर का नजारा देखकर सन्न रह गए। चारपाई पर पड़े बुजुर्ग के शव को चूहे कुतर रहे थे।
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने जब रजाई हटाई तो पाया गया कि शव की हालत बेहद खराब हो चुकी थी। पुलिस के मुताबिक, चूहों ने शव के बाएं हिस्से और पैर के अंगूठे को बुरी तरह कुतर दिया था।
मृतक की पहचान मानपुर बहेड़ी निवासी करीब 60 वर्षीय रमेश चंद्र के रूप में हुई है, जो मजदूरी कर जीवनयापन कर रहे थे और अकेले रहते थे।
जिस मकान में शव मिला, वह दो मंजिला था और वहां स्थायी सीढ़ियां नहीं थीं। ऐसे में पुलिस ने जेसीबी मशीन की मदद से शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
पुलिस का कहना है कि मौत के कारणों की जांच की जा रही है। यह आत्महत्या है, हत्या या प्राकृतिक मृत्यु—इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।



Admin






