उत्तराखंड में सफर करने वाले वाहन चालकों के लिए यह खबर बेहद अहम है। कल यानी सोमवार से राज्य में टोल प्लाजा पार करना अब पहले जैसा आसान नहीं रहेगा।
अब अगर आपके वाहन से जुड़े जरूरी दस्तावेज अधूरे या अमान्य पाए गए, तो तुरंत ऑनलाइन चालान कट जाएगा, और उसकी सूचना सीधे आपके मोबाइल फोन पर एसएमएस के ज़रिए पहुंच जाएगी।
दरअसल, उत्तराखंड सरकार ई-डिटेक्शन सिस्टम लागू करने जा रही है। यह प्रणाली पहले से लागू राज्यों—ओडिशा, छत्तीसगढ़, बिहार और गुजरात—के बाद अब उत्तराखंड में शुरू हो रही है। इसके तहत राज्य के बहादराबाद, भगवानपुर, लच्छीवाला, पट्टी, बनुषी, नगला और देवरिया—कुल 7 टोल प्लाजा ई-डिटेक्शन सिस्टम से जोड़े जाएंगे।
जैसे ही वाहन का FASTag स्कैन होगा, उसी समय वाहन के नंबर प्लेट के आधार पर उसके दस्तावेजों की डिजिटल जांच शुरू हो जाएगी। यह जांच परमिट, रजिस्ट्रेशन, फिटनेस, बीमा, प्रदूषण और रोड टैक्स से जुड़े रिकॉर्ड्स पर आधारित होगी।
परिवहन विभाग के अनुसार, पहले चरण में केवल परमिट, बीमा और फिटनेस से जुड़े उल्लंघनों पर ही चालान काटे जाएंगे। इसके साथ ही 15 साल से ज्यादा पुराने और रजिस्ट्रेशन रिन्यू न कराने वाले वाहनों पर भी कार्रवाई होगी।
परिवहन सचिव शैलेश तिवारी के मुताबिक, उत्तराखंड ऐसा करने वाला देश का पांचवां राज्य बन जाएगा। उन्होंने साफ कहा कि नियमों का पालन न करने वालों को भारी जुर्माना भुगतना पड़ सकता है।



Admin






