देहरादून जिले में छात्रों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने बड़ा और निर्णायक कदम उठाया है। जिले के 79 सरकारी स्कूल भवनों को पूरी तरह जर्जर और जोखिमपूर्ण पाए जाने के बाद ध्वस्त करने के आदेश जारी किए गए हैं। यह निर्णय शिक्षा विभाग की विस्तृत रिपोर्ट और सर्वे के आधार पर लिया गया है।
जिलाधिकारी सविन बंसल ने इस कार्य के लिए ₹1 करोड़ का बजट स्वीकृत करते हुए संबंधित विभागों से 7 दिन के भीतर पूर्ण एस्टीमेट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
प्रशासनिक सर्वे में 104 स्कूलों का निरीक्षण किया गया, जिनमें
-
79 स्कूल पूरी तरह जर्जर,
-
17 स्कूल आंशिक रूप से जर्जर,
-
जबकि 8 स्कूल सुरक्षित पाए गए हैं।
इन 79 में से 63 स्कूलों में वैकल्पिक शिक्षण व्यवस्था पहले ही सुनिश्चित कर ली गई है, जिन्हें तत्काल प्रभाव से ध्वस्त किया जाएगा। शेष 16 स्कूलों में पहले वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने के बाद ध्वस्तीकरण होगा।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और जोखिमपूर्ण भवनों में किसी भी स्थिति में शिक्षण कार्य नहीं होगा। आंशिक रूप से जर्जर भवनों में सुरक्षा मानकों के अनुसार मरम्मत, प्रतिबंध और निगरानी लागू की जाएगी। पूरी प्रक्रिया समयबद्ध, पारदर्शी और जवाबदेह होगी।



Admin






