kotha
post authorAdmin 19 Jan 2026

प्रभावितों के लिए 12 हेक्टेयर भूमि चिह्नित, सरकार ने दिया जमीन के बदले जमीन का आश्वासन.

एयरपोर्ट विस्तार परियोजना से प्रभावित स्थानीय निवासियों और प्रशासन के बीच समाधान की दिशा में एक अहम पहल सामने आई है। प्रभावित परिवारों ने अपनी मांगों को लेकर क्षेत्रीय विधायक बृजभूषण गैरोला के साथ विस्तृत बैठक की।

बैठक में विधायक ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार प्रभावितों को जमीन के बदले जमीन उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। इसके तहत रानीपोखरी के घमंडपुर क्षेत्र में लगभग 12 हेक्टेयर भूमि चिह्नित कर ली गई है।

विधायक ने यह भी बताया कि विस्थापन से वंचित रह गए नौ परिवारों को भी अधिग्रहण प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा। इसके अलावा जिन प्रभावितों के पास पहले से भूखंड हैं, उन्हें भी समुचित भूखंड देने को लेकर प्रशासन स्तर पर बातचीत जारी है।

विधायक ने चिंता जताते हुए कहा कि अधिग्रहण के कारण करीब 62 टिहरी विस्थापितों को तीसरी बार विस्थापन का दंश झेलना पड़ रहा है, जबकि इस परियोजना से 100 से अधिक परिवार प्रत्यक्ष रूप से प्रभावित हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता का भरोसा दिया है। बैठक के दौरान विधायक ने जिलाधिकारी से फोन पर बातचीत कर प्रभावितों की मांगों पर शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिलाए।

प्रभावित प्रतिनिधि बादल सजवाण ने बताया कि इससे पहले टीएचडीसी गेस्ट हाउस में आयोजित बैठक में भूमि अधिग्रहण अधिकारियों द्वारा कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई थी, जिससे नाराज़ होकर प्रभावितों ने बैठक का बहिष्कार किया था।

हालांकि विधायक के साथ हुई ताज़ा बातचीत को सकारात्मक बताते हुए प्रभावितों ने फिलहाल धरना-प्रदर्शन स्थगित करने का निर्णय लिया है। बैठक में विपुल सजवाण, प्रदीप चौधरी, सोनू सजवाण, हुकम सिंह पंवार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।