Crime News | उत्तराखंड
उत्तराखंड के उत्तराखंड के टिहरी जिला स्थित जाखणीधार ब्लॉक से सामने आए एक सनसनीखेज मामले ने शिक्षा विभाग और शिक्षक संगठनों को कटघरे में खड़ा कर दिया है। यहां एक प्राथमिक विद्यालय में कार्यरत शिक्षिका ने प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष रोशन लाल पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
पीड़िता के अनुसार, बीते चार महीनों से वेतन न मिलने के कारण वह आर्थिक संकट से जूझ रही थीं। इसी परेशानी के समाधान के लिए जब उन्होंने शिक्षक संघ के पदाधिकारी रोशन लाल से मदद मांगी, तो आरोपी ने कथित तौर पर उनसे शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डाला। आरोप है कि मदद के बदले अश्लील मांग की गई और मोबाइल फोन पर अश्लील वीडियो व फोटो भी भेजे गए।
शिक्षिका का कहना है कि विभागीय स्तर पर भी उन्हें परेशान किया गया। समायोजन के नाम पर उन्हें एक दूरस्थ विद्यालय भेज दिया गया, जहां केवल दो छात्र थे। कई प्रयासों के बाद वह अपने पुराने विद्यालय में लौटीं, लेकिन इस दौरान कथित मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न बढ़ता चला गया।
मामला सामने आने के बाद आरोपी शिक्षक नेता का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिससे पूरे राज्य में हड़कंप मच गया। पीड़िता की तहरीर पर टिहरी कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वहीं, आरोपी रोशन लाल ने सभी आरोपों को निराधार बताते हुए दावा किया है कि उन्होंने शिक्षिका को मकान निर्माण के लिए 80 हजार रुपये उधार दिए थे और अब रकम वापस मांगने पर उन पर झूठे आरोप लगाए जा रहे हैं।
पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और मामले की निष्पक्ष जांच जारी है।



Admin






