kotha
post authorAdmin 19 Jan 2026

दून मेडिकल कॉलेज हॉस्टल रैगिंग मामला: MBBS के दो सीनियर छात्र निष्कासित, जांच के आदेश.

देहरादून स्थित राजकीय दून मेडिकल कॉलेज के छात्रावास में जूनियर एमबीबीएस छात्रों के साथ रैगिंग का गंभीर मामला सामने आया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए कॉलेज प्रशासन और चिकित्सा शिक्षा विभाग ने तत्काल सख्त कार्रवाई की है।

प्रदेश के चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने घटना को अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कॉलेज प्रशासन को तत्काल जांच के निर्देश दिए। मंत्री ने स्पष्ट कहा कि रैगिंग जैसी घटनाएं शैक्षणिक संस्थानों की गरिमा और अनुशासन पर गहरा आघात करती हैं।

प्रकरण की प्रारंभिक जांच के आधार पर रैगिंग में संलिप्त पाए गए दो एमबीबीएस सीनियर छात्रों को निष्कासित कर दिया गया है। साथ ही, जांच रिपोर्ट आने तक उन्हें डिबार करने के आदेश भी जारी किए गए हैं।

मंत्री ने कॉलेज की प्राचार्या को निर्देशित किया है कि सभी तथ्यों, आरोपों और परिस्थितियों की गहन जांच सुनिश्चित की जाए। आवश्यकता पड़ने पर अन्य छात्रों और संबंधित व्यक्तियों के बयान भी दर्ज किए जाएं, ताकि दोषियों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई हो जो भविष्य के लिए नजीर बने।

सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि शिक्षण संस्थानों में सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों के अनुरूप एंटी-रैगिंग नियमों का सख्ती से पालन कराया जाएगा, ताकि छात्रों को सुरक्षित और अनुशासित वातावरण मिल सके।