kotha
post authorAdmin 19 Jan 2026

UAE के राष्ट्रपति भारत पहुंचे, एयरपोर्ट पर पीएम मोदी ने किया आत्मीय स्वागत-कहा, अपने भाई को लेने आया हूं.

संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान भारत के दौरे पर नई दिल्ली पहुंचे। एयरपोर्ट पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वयं उनका स्वागत किया। इस मौके पर प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि वह “अपने भाई को लेने” एयरपोर्ट आए हैं।

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर साझा संदेश में कहा कि यह यात्रा भारत-यूएई के बीच गहरी मित्रता और रणनीतिक साझेदारी की अहमियत को दर्शाती है। उन्होंने यह भी कहा कि वे दोनों नेताओं के बीच होने वाली बातचीत को लेकर उत्साहित हैं।

विदेश मंत्रालय के अनुसार, राष्ट्रपति शेख मोहम्मद का यह दौरा लगभग डेढ़ घंटे का है। पीएम मोदी से मुलाकात के बाद वे शाम 6 बजकर 5 मिनट पर भारत से रवाना होंगे। यह यात्रा पीएम मोदी के आमंत्रण पर हो रही है।

वैश्विक राजनीति में जारी उथल-पुथल के बीच यह मुलाकात बेहद अहम मानी जा रही है। ऐसे समय में जब मध्य-पूर्व और विश्व राजनीति कई मोर्चों पर तनाव से गुजर रही है, भारत-यूएई नेतृत्व की यह मुलाकात व्यापार, निवेश, रक्षा सहयोग और ऊर्जा जैसे अहम क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत कर सकती है।

विदेश मंत्रालय के मुताबिक, राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बतौर राष्ट्रपति तीसरी बार भारत आए हैं, जबकि पिछले 10 वर्षों में यह उनकी पांचवीं भारत यात्रा है। दोनों देशों के बीच वित्त वर्ष 2024-25 में द्विपक्षीय व्यापार 100 अरब डॉलर के पार पहुंच गया है, जो 19.6 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि को दर्शाता है।