kotha
post authorAdmin 20 Jan 2026

उत्तराखंड में ऐतिहासिक पहल: एकल महिलाओं को अगले महीने से मिलेगा स्वरोजगार योजना का लाभ.

उत्तराखंड सरकार प्रदेश की एकल महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाने जा रही है। राज्य में पहली बार मुख्यमंत्री एकल महिला स्वरोजगार योजना को अगले महीने से लागू किया जाएगा। योजना के तहत अब तक 504 पात्र महिलाओं की अंतिम सूची को मंजूरी दे दी गई है, जबकि 331 अन्य पात्र महिलाओं की सूची को भी जल्द अंतिम रूप दिया जा रहा है।

महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने सचिवालय में आयोजित विभागीय समीक्षा बैठक में बताया कि यह योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाएगी और उन्हें स्वरोजगार के नए अवसर प्रदान करेगी।

इसके साथ ही बैठक में नंदा गौरा योजना की भी समीक्षा की गई। मंत्री ने बताया कि योजना के अंतर्गत अब तक प्रदेश के 11 जिलों में लाभार्थियों की अंतिम सूची तैयार कर ली गई है, जिसमें 34,852 इंटरमीडिएट उत्तीर्ण छात्राएं और 6,021 नवजात बालिकाएं शामिल हैं। सभी लाभार्थियों को धनराशि वितरण के लिए फरवरी के प्रथम सप्ताह में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

बैठक में मंत्री ने शेष दो जिलों के लाभार्थियों की सूची शीघ्र तैयार करने के निर्देश भी दिए।