उत्तराखंड में साइबर सुरक्षा को लेकर एक बड़ा और अहम कदम उठाया गया है।
साइबर हमलों की बढ़ती आशंकाओं को देखते हुए Uttarakhand Power Corporation Limited ने अपने स्तर पर सुरक्षा परिचालन केंद्र यानी सिक्योरिटी ऑपरेशन सेंटर (SOC) का गठन कर दिया है।
UPCL के प्रबंध निदेशक अनिल कुमार ने निर्देश जारी करते हुए कहा है कि यह केंद्र चौबीसों घंटे निगम की आईटी अवसंरचना, नेटवर्क, सर्वर और डिजिटल प्रणालियों की सतत निगरानी करेगा।
SOC का उद्देश्य किसी भी संभावित साइबर खतरे की पहचान, विश्लेषण और उस पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करना है।
एसओसी के माध्यम से मैलवेयर, रैनसमवेयर, डेटा उल्लंघन और अन्य साइबर हमलों को समय रहते नियंत्रित किया जा सकेगा।
इस केंद्र में प्रशिक्षित साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों की टीम तैनात की गई है, जो आधुनिक तकनीक और सुरक्षा उपकरणों की मदद से हर सुरक्षा घटना पर नजर रखेगी।
यूपीसीएल की ओर से अधीक्षण अभियंता विकास गुप्ता को मुख्य सूचना सुरक्षा अधिकारी (CISO) और अधिशासी अभियंता मोहन मित्तल को सहायक CISO नामित किया गया है।
इसके साथ ही केंद्र सरकार की साइबर सुरक्षा एजेंसियों द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के तहत सभी सरकारी कर्मचारियों — जिनमें आउटसोर्स, संविदा और अस्थायी कर्मचारी भी शामिल हैं — के लिए सूचना सुरक्षा मानकों को संकलित कर निगम की सभी इकाइयों में प्रसारित कर दिया गया है।



Admin






