kotha
post authorAdmin 21 Jan 2026

ऋषिकेश न्यूज़: अभेद्य किले में तब्दील हुआ स्वर्गाश्रम, अमित शाह के आगमन से हाई अलर्ट.

ऋषिकेश।
स्वर्गाश्रम जौंक स्थित गीताभवन (नंबर-7) में गीताप्रेस गोरखपुर की सुप्रसिद्ध कल्याण पत्रिका के शताब्दी महोत्सव को लेकर बुधवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। गृहमंत्री के आगमन को देखते हुए शासन-प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है और पूरा स्वर्गाश्रम क्षेत्र अभेद्य किले में तब्दील कर दिया गया है।

मंगलवार को गीताभवन नंबर-7 में पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों की विस्तृत ब्रीफिंग आयोजित की गई। सभी सुरक्षा कर्मियों को अपने-अपने ड्यूटी प्वाइंट पर मुस्तैदी से तैनात रहने के निर्देश दिए गए हैं। गृहमंत्री के कार्यक्रम को लेकर स्वर्गाश्रम क्षेत्र पूरी तरह छावनी में तब्दील नजर आ रहा है।

नगर पंचायत स्वर्गाश्रम जौंक की ओर से गंगा चौक से लक्ष्मीनारायण घाट, भारत साधु समाज, परमार्थ निकेतन, वानप्रस्थ और वेद निकेतन के आसपास आंतरिक मार्गों पर फैले अतिक्रमण को हटाया गया है। राजाजी टाइगर रिजर्व सीमा के अंतर्गत स्थित महर्षि महेश योगी की भावातीत चौरासी कुटिया से सटे गीताभवन नंबर-7 के चलते मंगलवार को चौरासी कुटिया पर्यटकों के लिए बंद रखी गई, जो बुधवार को भी बंद रहेंगी।

सुरक्षा की दृष्टि से वेद निकेतन हेलिपैड के आसपास गंगा तट पर लोहे के एंगल और गेट लगाए गए हैं। मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे तक हेलिपैड पर हवाई ट्रायल किए गए। तय कार्यक्रम के अनुसार गृह मंत्री बुधवार शाम करीब 3 बजे वेद निकेतन हेलिपैड पर उतरेंगे और कार्यक्रम में प्रतिभाग करने के बाद हरिद्वार के लिए रवाना होंगे।