kotha
post authorAdmin 21 Jan 2026

देहरादून को जाम से राहत: 1700 करोड़ की एलिवेटेड रोड परियोजना, 12.5 किमी कॉरिडोर की डीपीआर तैयार.

देहरादून।
राजधानी देहरादून को लंबे समय से जूझ रही जाम की समस्या से बड़ी राहत मिलने जा रही है। सरकार ने 1700 करोड़ रुपये की लागत से आईएसबीटी से मोहकमपुर तक एलिवेटेड रोड कॉरिडोर बनाने की दिशा में ठोस कदम बढ़ा दिए हैं। इस परियोजना की डीपीआर (डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट) तैयार करने का काम भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने शुरू कर दिया है।

यह एलिवेटेड कॉरिडोर लगभग 12.5 किलोमीटर लंबा होगा, जिसका अधिकांश हिस्सा ऊंचाई पर बनेगा। कुछ स्थानों पर यातायात जंक्शन के लिए सड़क का चौड़ीकरण भी किया जाएगा। परियोजना पूरी होने के बाद आईएसबीटी से मोहकमपुर तक रोज़ लगने वाले भीषण जाम से निजात मिलने की उम्मीद है।

गौरतलब है कि पहले केवल मोहकमपुर से रिस्पना तक दो किलोमीटर एलिवेटेड सड़क का प्रस्ताव था, लेकिन बढ़ते ट्रैफिक दबाव को देखते हुए सरकार ने पूरे कॉरिडोर को एलिवेटेड बनाने का निर्णय लिया। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के चालू होने के बाद ट्रैफिक और बढ़ने की आशंका को देखते हुए यह परियोजना और भी अहम हो जाती है।

हालांकि, परियोजना के दोनों ओर स्थित होटल, अस्पताल, मॉल और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर इसके संभावित प्रभाव को लेकर व्यापारियों में चिंता भी देखी जा रही है। एनएचएआई के अनुसार डीपीआर जल्द ही सरकार को भेजी जाएगी और मंजूरी मिलते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।