ऋषिकेश।
अंकिता भंडारी प्रकरण को लेकर देहरादून तिराहे पर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस पार्टी के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए पुतला दहन किया। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी इस संवेदनशील मामले में राजनीतिक लाभ उठाने के उद्देश्य से भाजपा के शीर्ष नेताओं का नाम उछालकर उन्हें बदनाम करने का प्रयास कर रही है।
भाजपा मंडल अध्यक्ष मनोज ध्यानी की अध्यक्षता में आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान दून तिराहे पर नारेबाजी कर कांग्रेस पार्टी के खिलाफ आक्रोश व्यक्त किया गया।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने कहा कि अंकिता भंडारी प्रकरण बेहद संवेदनशील और दुखद है, जिसमें पीड़िता को न्याय दिलाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि न्यायिक प्रक्रिया अपने तय मार्ग पर आगे बढ़ रही है और सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए कार्य कर रही है।
कार्यकर्ताओं ने यह भी कहा कि बेटियों के सम्मान और सुरक्षा के लिए सरकार लगातार ठोस कदम उठा रही है, ऐसे में इस तरह के मामलों पर राजनीति करना निंदनीय और अनुचित है।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष राजेंद्र तड़ियाल, ममता, दीपक बिष्ट, नितिन सक्सेना, राजेंद्र बिजल्वाण, अविनाश भारद्वाज, सुजीत यादव, जयंत किशोर शर्मा, राजेश दिवाकर, राधेश्याम जाटव, कपिल गुप्ता, पंकज गुप्ता, चेतन शर्मा सहित कई भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।



Admin






