देहरादून से बड़ी प्रशासनिक खबर सामने आई है।
राज्य सरकार ने गृह विभाग और पुलिस महकमे में अहम फेरबदल करते हुए वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं।
2008 बैच की आईपीएस अधिकारी निवेदिता कुकरेती को विशेष सचिव गृह नियुक्त किया गया है। इस संबंध में गृह सचिव शैलेश बगौली द्वारा आदेश जारी किए गए हैं।
निवेदिता कुकरेती वर्तमान में अपर सचिव गृह की जिम्मेदारी संभाल रही थीं और इसी वर्ष उन्हें आईजी पद पर पदोन्नत किया गया है।
अपने अब तक के करियर में वे कई महत्वपूर्ण प्रशासनिक और पुलिस पदों पर सेवाएं दे चुकी हैं। वर्तमान में उनके पास एसडीआरएफ का अतिरिक्त प्रभार भी है। गृह विभाग और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इससे पहले आईजी रिद्धिम अग्रवाल गृह विभाग में विशेष सचिव के पद पर कार्यरत थीं, जिन्हें पिछले वर्ष आईजी कुमाऊं की जिम्मेदारी दी गई थी।
वहीं, 2007 बैच के आईपीएस अधिकारी सुनील कुमार मीणा को उत्तराखंड पुलिस का मुख्य प्रवक्ता नियुक्त किया गया है।
इस संबंध में डीजीपी दीपम सेठ द्वारा सोमवार शाम आदेश जारी किए गए।
सुनील कुमार मीणा वर्तमान में आईजी कानून व्यवस्था का प्रभार संभाल रहे हैं। वे प्रदेश के कई जिलों में पुलिस अधीक्षक के रूप में भी सेवाएं दे चुके हैं। पुलिस मुख्यालय में उनकी यह नियुक्ति संचार, समन्वय और सूचना प्रबंधन के लिहाज से बेहद अहम मानी जा रही है।



Admin






