kotha
post authorAdmin 07 Jan 2026

अंकिता हत्याकांड पर सीएम धामी की दो टूक: “कोई भी दोषी नहीं बचेगा, हर जांच के लिए सरकार तैयार”.

अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर एक बार फिर उत्तराखंड की राजनीति और समाज में उबाल देखने को मिल रहा है। बढ़ते विरोध और देशभर में उठ रही आवाज़ों के बीच उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रेसवार्ता कर सरकार का रुख स्पष्ट किया।

सीएम धामी ने कहा कि अंकिता हत्याकांड एक अत्यंत संवेदनशील और हृदयविदारक मामला है और सरकार किसी भी दोषी को बख्शने वाली नहीं है। उन्होंने साफ कहा कि सरकार हर स्तर की जांच के लिए तैयार है और सच्चाई सामने लाने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि वह जल्द ही अंकिता के परिजनों से मुलाकात करेंगे और उनकी इच्छानुसार आगे की कार्रवाई पर निर्णय लिया जाएगा।

यह मामला उस समय फिर से चर्चा में आया, जब अभिनेत्री उर्मिला सनावर ने सोशल मीडिया पर गंभीर आरोप लगाए। उर्मिला का दावा है कि वनंतरा रिजॉर्ट में एक वीआईपी को “एक्स्ट्रा सर्विस” देने का दबाव अंकिता पर बनाया गया था और इनकार करने पर उसकी हत्या कर दी गई। इन दावों के बाद वायरल हुए ऑडियो क्लिप्स ने मामले को और भड़का दिया।

सीएम धामी ने बताया कि वायरल ऑडियो की सत्यता की जांच के लिए एसआईटी का गठन कर दिया गया है। उन्होंने यह भी याद दिलाया कि सरकार की सख्त पैरवी के कारण ही इस हत्याकांड के दोषियों को उम्रकैद की सजा मिल चुकी है।

वहीं भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव दुष्यंत गौतम ने पार्टी की छवि खराब करने के आरोप में उर्मिला सनावर और उनके कथित पति, पूर्व विधायक सुरेश राठौर के खिलाफ पुलिस में मामला दर्ज कराया है।