मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी की अध्यक्षता में आयोजित राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की समीक्षा बैठक में प्रतिभाग किया।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने उत्तराखण्ड की प्रस्तावित एवं प्रगतिमान सड़क परियोजनाओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए राज्य के लिए महत्वपूर्ण प्रस्तावों को शीघ्र स्वीकृति प्रदान करने का अनुरोध किया। उन्होंने ऋषिकेश बाईपास, अल्मोड़ा-दन्या-पनार-घाट मार्ग, ज्योलिकोट-खैरना-गैरसैंण-कर्णप्रयाग मार्ग तथा अल्मोड़ा-बागेश्वर-कांडा-उडियारी बैंड मार्ग जैसी परियोजनाओं को राज्य की कनेक्टिविटी के लिए अत्यंत आवश्यक बताया।
ऋषिकेश बाईपास परियोजना के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-07 पर तीनपानी से योगनगरी होते हुए खारास्रोत तक 12.67 किलोमीटर लंबा चार-लेन बाईपास प्रस्तावित है, जिसकी अनुमानित लागत 1,161 करोड़ रुपये है। परियोजना में एलिवेटेड कॉरिडोर, रेलवे ओवरब्रिज और चंद्रभागा नदी पर सेतु का निर्माण शामिल है, जिससे ऋषिकेश क्षेत्र में यातायात निर्बाध होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड में सड़क अवसंरचना केवल पर्यटन और तीर्थाटन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह राज्य की अर्थव्यवस्था, औद्योगिक विकास, सीमावर्ती सुरक्षा और आपदा प्रबंधन को भी सशक्त बना रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के नेतृत्व में राज्य एक आधुनिक, सुरक्षित और भविष्य-उन्मुख सड़क नेटवर्क की ओर तेज़ी से अग्रसर है।
बैठक में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उत्तराखण्ड में चल रही सभी परियोजनाओं को गुणवत्ता बनाए रखते हुए निर्धारित समय-सीमा में पूरा किया जाए। उन्होंने मुख्यमंत्री द्वारा प्रस्तुत प्रस्तावों पर सकारात्मक कार्यवाही का आश्वासन दिया।



Admin






