kotha
post authorAdmin 08 Jan 2026

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 227.73 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं को दी मंजूरी, कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में भी बढ़ोतरी.

उत्तराखंड के पुष्कर सिंह धामी ने राज्य के समग्र विकास को गति देने के उद्देश्य से कुल 227.73 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं को मंजूरी प्रदान की है।

मुख्यमंत्री द्वारा हरिद्वार गंगा कॉरिडोर परियोजना के अंतर्गत रोडी बेलवाला क्षेत्र के पुनरुद्धार एवं विकास कार्यों के लिए 59.11 करोड़ रुपये की योजना को स्वीकृति दी गई है। यह परियोजना हरिद्वार के धार्मिक, पर्यटन और शहरी विकास को नई दिशा देने में अहम भूमिका निभाएगी।

इसके साथ ही गैरसैंण (चमोली) स्थित भराड़ीसैंण विधानसभा परिसर में संपूर्ण चारदीवारी एवं मुख्य द्वार के निर्माण हेतु वास्तविक लागत 9.87 करोड़ रुपये के सापेक्ष द्वितीय किश्त के रूप में 40 प्रतिशत यानी 3.95 करोड़ रुपये की धनराशि जारी करने का अनुमोदन भी मुख्यमंत्री ने प्रदान किया है।

वर्ष 2024-25 के लिए राज्य को पूंजीगत निवेश हेतु विशेष सहायता योजना के अंतर्गत आवास विभाग, उत्तराखंड को 164.67 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। यह राशि मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण एवं जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण, नैनीताल की कुल 09 योजनाओं पर खर्च की जाएगी। इस संबंध में शासनादेश भी जारी कर दिया गया है।

इसी क्रम में मुख्यमंत्री ने सातवें पुनरीक्षित वेतनमान में वेतन प्राप्त कर रहे स्वायत्तशासी संस्थाओं यू-कॉस्ट एवं यू-सैक के नियमित कर्मचारियों को बड़ी राहत देते हुए महंगाई भत्ते की बढ़ी हुई दर को मंजूरी दी है।
01 जनवरी 2025 से महंगाई भत्ता 55 प्रतिशत तथा 01 जुलाई 2025 से 58 प्रतिशत किए जाने का अनुमोदन प्रदान किया गया है।