kotha
post authorAdmin 08 Jan 2026

अंकिता भंडारी केस: ‘नार्को टेस्ट के लिए भी तैयार हूं’ — अभिनेत्री उर्मिला सनावर का नया वीडियो वायरल.

अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े ऑडियो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने के मामले में अभिनेत्री उर्मिला सनावर से पुलिस ने बुधवार को कई घंटे तक पूछताछ की। पुलिस ने उनसे वायरल सामग्री के स्रोत, उसकी प्रामाणिकता और इसके पीछे की पूरी पृष्ठभूमि को लेकर विस्तृत सवाल-जवाब किए।

इसी बीच उर्मिला सनावर का एक नया वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने बताया कि उनसे दोपहर 12 बजे से शाम 6 बजे तक लगातार पूछताछ की गई। उर्मिला का कहना है कि उन्होंने जांच में पूरा सहयोग किया और अपने पास मौजूद सभी साक्ष्य पुलिस को सौंप दिए हैं।

वीडियो में उर्मिला ने कहा कि अंकिता भंडारी को न्याय मिलना चाहिए, क्योंकि वह पूरे देश की बेटी थी। इसके लिए चाहे सीबीआई जांच हो या कोई अन्य उच्च स्तरीय जांच, वह हर तरह की जांच के लिए तैयार हैं। उन्होंने यह भी कहा कि अगर आवश्यकता पड़ी तो वह नार्को टेस्ट कराने के लिए भी तैयार हैं।

उर्मिला ने आरोप लगाया कि उनके नाम को राजनीति से जोड़ा जा रहा है। कोई उन्हें कांग्रेस समर्थक बता रहा है, तो कोई भाजपा से जोड़ रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि अंकिता मामले को राजनीतिक रंग न दिया जाए और सिर्फ न्याय पर ध्यान दिया जाए।
हालांकि, सोशल मीडिया पर वायरल इस वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं की गई है।