रुड़की | ParajSparsh News
ऊर्जा निगम की विजिलेंस टीम ने रुड़की क्षेत्र में बिजली चोरी के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाइयों में से एक को अंजाम दिया है। बुधवार सुबह तड़के शुरू हुए इस विशेष अभियान में विजिलेंस टीम ने पांच गांवों में एक साथ छापेमारी कर करीब 160 बिजली चोरी के मामले पकड़े।
रुड़की, मंगलौर, झबरेड़ा और कलियर क्षेत्र में लगातार मिल रही शिकायतों के बाद यह अभियान चलाया गया। विजिलेंस और ऊर्जा निगम की संयुक्त टीम ने घोड़ेवाला, मरगूबपुर, भौरी डेरा, बेहडेकी और बेलडा गांवों में घर-घर, दुकानों, आटा चक्कियों और व्यावसायिक परिसरों की सघन जांच की।
टीम को देखते ही ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। कई लोगों ने छतों पर चढ़कर अवैध केबल हटाने की कोशिश की, जबकि कुछ लोग घरों पर ताले लगाकर मौके से फरार हो गए। छापेमारी के दौरान अवैध तार, मीटर और अन्य उपकरण जब्त कर उन्हें सील किया गया।
अधिशासी अभियंता (नगरीय) अनिल कुमार मिश्रा ने बताया कि यह कार्रवाई सहायक अभियंता विजिलेंस धनंजय के नेतृत्व में की गई। पकड़े गए सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित थानों में एफआईआर दर्ज कराई जा रही है।
कार्रवाई के दौरान कई ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों को फोन कर हस्तक्षेप कराने की कोशिश की, लेकिन ऊर्जा निगम ने स्पष्ट किया कि बिजली चोरी के खिलाफ अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा।



Admin






